
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में बीते दिनों खूंखार आतंकी पकड़े गए। उनकी निशानदेही पर उनके साथियों को भी गिरफ्तार किया गया। बीते दौर में लखनऊ अगर आधुनिकता और विकास की चादर में लिपटा है तो दूसरी तरफ आतंक और आतंकियों का ठिकाना भी बना है। समय रहते अगर सुरक्षा एजेंसियों ने ताबड़तोड़ कार्रवाई ना की होती तो शहर और प्रदेश कीमत चुका रहे होते।
ऐसे में अपने संसदीय क्षेत्र लखनऊ के दौरे पर आए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कई बड़े ऐलान किए। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के साथ सीएम योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को राजधानी में 1710 करोड़ की 180 योजनाओं के लोकार्पण व शिलान्यास किया।

इस मौके पर राजनाथ सिंह ने कहा कि लखनऊ देश में नबर वन कैसे बने बस यही बात करना चाहता हूं। रक्षा मंत्री ने कहा कि हमने तय किया है कि ब्रह्मोस मिसाइल लखनऊ में बनाई जाएगी। सीएम योगी आदित्यनाथ ने अनुमान लगाया है कि इससे पांच हजार लोगों को रोजगार मिलेगा। हमने लखनऊ में हर घर में पीएनजी गैस उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा है। हमारा लक्ष्य लखनऊ को नंबर एक शहर बनाना है और मेरे सभी प्रयास उसी के लिए समर्पित हैं। कार्यक्रम के दौरान 396 करोड़ की योजनाओं का शिलान्यास तथा 1314 करोड़ की योजनाओं का लोकार्पण किया गया।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि अगर योगी आदित्यनाथ यूपी के सीएम नहीं होते तो मैं लखनऊ में इतना काम नहीं कर पाता। दो दिन पहले तमिलनाडु में योगी के कामकाज की तारीफ सुनकर दिल गदगद हो गया। राजनाथ सिंह ने कहा कि आज हिंदुस्तान में 90 फीसद परिवार केंद्र की योजनाओं का लाभ ले रहे हैं। यातयात की दृष्टि से यूपी सबसे बेहतर हो यही हमारा सपना है। लोगों को आवागमन में किसी तरह की दिक्कत न हो। तेजी से आबादी और वाहन बढ़े हैं। इसके लिए सड़कों और पुलों का जाल फैलाया जा रहा है। 2022 अक्टूबर तक पूरी रिंग रोड बनकर तैयार हो जाएगी। इसमें थोड़ी सी देरी हो गयी है। बस योगी जी अपने तेवर में हो जाये तो यह सब संभव है। डिफेंस कॉरिडोर के लिए 250 एकड़ जमीन की व्यवस्था योगी जी ने एक दिन में एक रुपये लीज पर देकर कर दिया। पीएनजी प्रत्येक घर मे पहुंचाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि रक्षा मंत्री जी के नेतृत्व में 1700 करोड़ की योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण हुआ है। इसमें से शिलान्यास 396 करोड़ का हुआ, बाकी 1313 करोड़ की योजनाओं का लोकार्पण किया गया है। यह बदलता लखनऊ है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश आज दुनिया की छठी अर्थव्यवस्था है। पहले यूपी अराजकता और गुंडागर्दी का शिकार रहा, हर तीसरे दिन दंगा होता था। 2012 से 2017 के बीच सरकारी संपत्ति लूटी जाती थी। 2016 -17 में 14वें स्थान पर था आज हम तीसरे स्थान पर हैं। कोरोना काल में पांच हजार करोड़ की सैमसंग यूनिट स्थापित की और 66 हजार करोड़ का निवेश हुआ। उत्तर प्रदेश देश में नबर दो अर्थव्यवस्था बन गया है।
कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री केशव मौर्य ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश विकास के पथ पर दौड़ रहा है। इतनी बड़ी संख्या में विकास की योजनाएं जिनमें 158 लोक निर्माण की और सेतु विभाग की दो योजनाएं है। यह सब लखनऊ के लिए है। सभी 75 जनपदों में विकास काम इसी तरह होगा। पहले जातीय मुद्दा होता था। अब विकास की बात होती है। यह सब प्रधानमंत्री के विजन के कारण हुआ। शिलान्यास भी हम करेंगे लोकार्पण भी हम ही करेंगे। नगर विकास मंत्री आशुतोष टंडन ने कहा मूर्तियां लगाने वाले विकास को क्या जाने। केवल भाजपा ही विकास कर सकती है। उप मुख्यमंत्री डॉ दिनेश शर्मा ने कहा कि राजनाथ जी और हम सब मिलकर अटल जी के लखनऊ को आगे बढ़ते देख रहे हैं। अटल जी ने जो विकास का सपना देखा था आज वह पूरा हो गया।
टीम स्टेट टुडे

Comments