google.com, pub-3470501544538190, DIRECT, f08c47fec0942fa0
top of page

थाने के दारोगा और दीवान आपस में ही भिड़े

chandrapratapsingh

पिसावां, 11 अगस्त 2023 : शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए ड्यूटी करने वाले पुलिसकर्मी आपस में ही भिड़ गए। आरोपित को हिरासत से छोड़ने को लेकर दारोगा और दीवान में विवाद हो गया। झगड़े में दोनों ने एक-दूसरे को गोली मार देने तक की बातें कहीं। थानाध्यक्ष ने प्रकरण की जानकारी पुलिस अधीक्षक को दी। इस पर पुलिस अधीक्षक ने दोनों पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया।

पिसावां थाने के दारोगा समय सिंह किसी मामले में एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर आए थे। थाने पर व्यक्ति से पूछताछ की गई। बताया जाता है कि व्यक्ति की मामले में संलिप्तता नहीं पाई गई। ऐसे में दारोगा ने हिरासत में लिए गए व्यक्ति को छोड़ने को कहा। दीवान अचल दीक्षित ने व्यक्ति को छोड़ने से मना कर दिया। इसी को लेकर दारोगा और दीवान में भिड़ंत हो गई। तेज आवाज में गाली-गलौज होने लगा।

थाने के अन्य पुलिसकर्मियों ने दारोगा और दीवान के बीच चल रहे विवाद को शांत करने की कोशिश की, लेकिन बात नहीं बनी। थानाध्यक्ष फूल चंद्र सरोज मौके परह पहुंचे। उन्होंने किसी तरह विवाद को शांत कराया। इसके बाद पुलिस अधीक्षक चक्रेश मिश्र को प्रकरण की जानकारी दी। पुलिस अधीक्षक ने दोनों पुलिस कर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया।

पहले भी हो चुके विवाद : पुलिसकर्मियों की अनुशासनहीनता का यह पहला मामला नहीं है। कोरोना काल के दौरान जिला गन्ना अधिकारी कार्यालय के पास दारोगा और सिपाही भिड़ गए थे। इस घटना का वीडियो भी प्रसारित हुआ था। इसके अलावा भी कई अन्य घटनाएं भी हो चुकी हैं।

पिसावां थाने में किसी बात को लेकर दारोगा और दीवान के बीच विवाद हो गया था। पुलिस अधीक्षक ने दोनों को लाइन हाजिर कर दिया है।

-एनपी सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक-दक्षिणी।

Comments


bottom of page
google.com, pub-3470501544538190, DIRECT, f08c47fec0942fa0